जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुजहत गुल ने केंद्र सरकार द्वारा केंद्र शासित प्रदेश के पहले नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई) की स्थापना को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है। उन्होंने इस राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
उन्होंने कहा, "हम जम्मू-कश्मीर के लिए पहले एनसीओई को मंजूरी देने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के बहुत शुक्रगुजार हैं, जो जम्मू-कश्मीर में पेशेवर स्पोर्ट्स में बहुत बड़ा योगदान देगा।" नुजहत गुल ने कहा कि नया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जम्मू-कश्मीर में प्रोफेशनल खेलों को नई दिशा देगा। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य जम्मू-कश्मीर को सिर्फ विंटर स्पोर्ट्स ही नहीं, बल्कि सभी खेलों में देश के अग्रणी केंद्रों में शामिल करना है।
उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स काउंसिल जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। बच्चों और युवाओं को बेहतर कोचिंग, वैज्ञानिक तरीके से ट्रेनिंग और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनका मानना है कि खेल केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार, पर्यटन और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का भी मजबूत माध्यम हैं।