अफगानिस्तान ने पहली बार 'आईसीसी मेंस वनडे टीम रैंकिंग' में छठा स्थान हासिल कर लिया है। इस उछाल के साथ अफगानिस्तान श्रीलंका से आगे निकल गया। साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में कदम रखने के बाद से अफगान टीम की तेज प्रगति एक बड़ी उपलब्धि है, जिसने लिस्ट में बांग्लादेश, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को भी पछाड़ दिया है।
रैंकिंग में यह नया मुकाम वनडे फॉर्मेट में अफगानिस्तान के लगातार बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है, जिसने अपने 191 मुकाबलों में 96 जीते हैं।
अफगानिस्तान का एक मजबूत टीम के रूप में उभार प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में स्पष्ट तौर पर नजर आता है। आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी टीमों के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जिससे यह साबित हुआ कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कहीं अधिक अनुभवी टीमों को भी कड़ी चुनौती देने की क्षमता रखता है।