नामीबिया के खिलाफ 9-13 सितंबर के बीच खेली जाने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका ने दाएं हाथ के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्जके और तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को टीम में शामिल किया है। लुहान-ड्रे प्रेटोरियस और एंडील सिमेलेन के चोटिल होने के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।
प्रेटोरियस को दाहिनी एडक्टर मांसपेशी में चोट लगी है, जबकि सिमेलेन को बाईं पेट की मांसपेशी में खिंचाव आया है। इन चोटों के कारण दोनों खिलाड़ी रविवार को हुए खिताबी मुकाबले से बाहर हो गए, जिसे साउथ अफ्रीका ने 48 रनों से जीता था। लुहान-ड्रे प्रेटोरियस का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है, जिन्होंने हाल ही में समाप्त हुई ट्राई सीरीज के 4 मुकाबलों में 56.50 की औसत के साथ सर्वाधिक 226 रन बनाए थे।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने कहा, "लुहान-ड्रे प्रेटोरियस (दाहिनी एडक्टर मांसपेशी में चोट) और एंडील सिमेलेन (बाईं पेट की मांसपेशी में खिंचाव) बुधवार से शुरू होने वाली नामीबिया के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह कॉर्बिन बॉश और मैथ्यू ब्रीत्जके को बुलाया गया है।"