बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच 9 जून से तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। शुरुआती 2 मैच के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टीम का ऐलान किया है। मिडिल-ऑर्डर के बल्लेबाज मोसाद्देक हुसैन और विकेटकीपर-बल्लेबाज नुरुल हसन को वापस बुलाया है, जबकि महिदुल इस्लाम अंकोन और अफीफ हुसैन को टीम से बाहर कर दिया गया है।
30 वर्षीय मोसाद्देक ने आखिरी बार अगस्त 2022 में बांग्लादेश के लिए वनडे खेला था, लेकिन ढाका प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम में वापसी की है। मोसाद्देक ने अब तक 5 मुकाबलों में एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से 16.27 की औसत से 11 विकेट भी लिए हैं। मिडिल-ऑर्डर को मजबूती देने के लिए नुरुल को बुलाया गया है, क्योंकि महिदुल और अफीफ चयनकर्ताओं की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए थे।
इन दोनों की वापसी ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेले गए वनडे मुकाबलों में बांग्लादेश की बल्लेबाजी संघर्ष करती नजर आई है।