World Cup 2027 Qualifier: रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर के लिए 22 फरवरी से 23 मार्च के बीच का समय तय किया है, जिसमें 10 टीमों के पास आगामी 50-ओवर वाले टूर्नामेंट तक पहुंचने का आखिरी मौका होगा।
भले ही मुकाबलों की तारीखें तय हो गई हैं, लेकिन टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले देश की पुष्टि अभी बाकी है। इस क्वालीफायर से उन टीमों का पता चलेगा जो आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में आगे बढ़ेंगी। क्रिकेट के महाकुंभ की मेजबानी 4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच संयुक्त रूप से साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।
'क्रिकइन्फो' की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने टूर्नामेंट का शेड्यूल तैयार कर लिया है, लेकिन वेन्यू को फिलहाल अंतिम रूप दिया जा रहा है। क्वालिफिकेशन का तरीका जुलाई में गवर्निंग बॉडी की तरफ से घोषित नए फॉर्मेट के अनुसार है, जिसमें 14 टीमों वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए एक नया ढांचा पेश किया गया है।