श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान यशवर्धन सिंह चौहान के हाथों में सौंपी गई है। यशवर्धन का कहना है कि देश के लिए खेलना उनका सपना था और यह सपना सच होने पर उन्हें बेहद खुशी है।
यशवर्धन ने 'आईएएनएस' के साथ बातचीत करते हुए कहा कि वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को देना चाहेंगे। यशवर्धन ने बताया कि वह 6-7 साल की उम्र में से ही क्रिकेट की कोचिंग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि कोच लवकेश चौधरी की देखरेख में उन्होंने अपने क्रिकेट को निखारा। यशवर्धन के अनुसार, राज्य और एनसीए में अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से उनका सिलेक्शन भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर हुआ है।
यशवर्धन ने कहा कि वह आज इस मुकाम तक अपने माता-पिता और कोच के सपोर्ट के कारण पहुंच सके हैं। उन्होंने कहा कि वह अंडर-19 टीम की कप्तानी करने को लेकर काफी उत्सुक हैं। यशवर्धन ने कहा कि भारत की कप्तानी करना गर्व की बात है और वह अपना बेस्ट देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलना हमेशा से उनका सपना था और मेहनत करके वह सपना अब पूरा हुआ है, तो वह बहुत खुश हैं।