एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम को सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल खेलना है। मैच निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा। रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि हम किसी भी टीम को कम नहीं आंक रहे। हमारा लक्ष्य गोल्ड जीतना है।
अय्यर ने कहा, "जापान में आकर हमें बहुत अच्छा लगा। यहां के लोगों में अनुशासन है। यहाँ लोग निर्देशों का सही तरीके से पालन करते हैं। हम जापान की टीम के साथ खेलने के लिए टोक्यो में थे, इसलिए हमें अभ्यास का ज्यादा मौका नहीं मिला। हमें एक्सप्लोर करने का ज्यादा अवसर नहीं मिला है। नागोया भी अच्छी सिटी है। एशियन गेम्स को देखते हुए जिस तरह की तैयारी यहाँ की गई, वो बेहतरीन है।"
भारतीय कप्तान ने कहा, "हमें अभ्यास का मौका कम मिला है, लेकिन हम सभी पेशेवर क्रिकेटर हैं। हमने नागोया आने के बाद थोड़ा वॉर्म अप किया है। हमारा प्राथमिक लक्ष्य अब अच्छी क्रिकेट खेलना है, चाहे किसी भी तरह की स्थिति हो। हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। आपने देखा होगा कि जापान ने हमें कड़ी चुनौती दी थी। यहाँ के विकेटों के साथ थोड़ा संतुलन बनाना मुश्किल है। लेकिन ये स्थिति हर टीम के साथ है और हम सामने वाली किसी भी टीम के खिलाफ मजबूती से उतरेंगे।"