दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस को 8 विकेट से हराया। टीम की ओर से किफायती गेंदबाजी करने के साथ-साथ 2 विकेट चटकाने वाले मयंक डागर ने नॉर्थ दिल्ली के कप्तान सार्थक रंजन की जमकर तारीफ की है।
सार्थक रंजन ने अपनी शानदार फॉर्म को वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ भी जारी रखा। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 30 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। सार्थक की उम्दा पारी के बूते नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की टीम 147 रनों के लक्ष्य को 14.2 ओवर में ही हासिल करने में सफल रही।
मैच के बाद जीत पर बात करते हुए मयंक डागर ने कहा, "यह हमारे लिए बहुत बड़ी जीत थी। हमने गेंदबाजी से उन्हें रोका और फिर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। हमारा कॉम्बिनेशन बहुत अच्छा है। हर कोई अपनी भूमिका जानता है, और टीम में यही सबसे जरूरी चीज है। हम सभी के बीच तालमेल बहुत अच्छा रहा है। अगर आप हमारी बल्लेबाजी देखें, तो हमारे मिडिल ऑर्डर और लोअर मिडिल ऑर्डर को अभी तक बल्लेबाजी का मौका भी नहीं मिला है। यह बहुत अच्छा संकेत है क्योंकि हमारा टॉप ऑर्डर जिम्मेदारी ले रहा है और अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।"