स्कॉटलैंड ने शनिवार को आयरलैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे मुकाबले को 40 रन से अपने नाम किया। स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस ने आयरलैंड पर ऐतिहासिक जीत का श्रेय अपनी टीम के आत्मविश्वास, तैयारी और सामूहिक प्रयास को दिया।
कैथरीन ब्राइस को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जिन्होंने 39 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 60 रन बनाए। इस दौरान अपनी बहन सारा ब्राइस (49) के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 106 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी तब हुई, जब टीम ने 36 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद गेंद से कमाल दिखाते हुए 3.1 ओवरों में 19 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
कैथरीन ने माना कि शानदार अंदाज में अपने अभियान की शुरुआत करने के बाद इस पल की अहमियत को समझने में अभी भी समय लग रहा है। मैच के बाद कैथरीन ने कहा, "मुझे लगता है कि इस समय बहुत सारी भावनाएं उमड़ रही हैं। यह वाकई शानदार था। मुझे लगता है कि दोनों टीमों के लिए दर्शकों और उनके समर्थन को देखना बहुत बढ़िया था। इसलिए उन सभी लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद, जो यहां आए।"