ICC T20 World Cup: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में हाई-वोल्टेज मैच खेला जाना है, जिससे पहले पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने उम्मीद जताई है कि यह मुकाबला अच्छी भावना से खेला जाएगा, लेकिन उन्होंने पारंपरिक हैंडशेक पर कोई वादा नहीं किया है।
सितंबर 2025 में एशिया कप के दौरान भारतीय पुरुष टीम ने तीनों मुकाबलों में पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया था। इसके अलावा, टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं।
सलमान आगा ने शनिवार को कोलंबो में पत्रकारों से कहा, "क्रिकेट को खेल भावना से खेलना चाहिए। मैं क्या उम्मीद करता हूं, जाहिर है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन मुझे लगता है कि खेल वैसे ही खेला जाना चाहिए जैसे क्रिकेट की शुरुआत से खेला जाता रहा है। बाकी उन पर (भारतीय टीम) है, वे जो चाहें करना चाहते हैं।"