पाकिस्तान क्रिकेट टीम का इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। शुरुआती 2 मैच हारकर पहले ही सीरीज गंवा चुकी पाकिस्तान की स्थिति बर्मिंघम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में भी चिंताजनक है। सीरीज में पाकिस्तान के सीनियर और जूनियर दोनों ही खिलाड़ियों ने निराश किया है। तीसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान से बुलाए गए युवा खिलाड़ी भी असरहीन रहे हैं।
पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच माइकल स्मिथ ने टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भी युवा खिलाड़ियों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से बहुत सारे अच्छे क्रिकेटर आ रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए स्मिथ ने कहा, "दूसरे टेस्ट के बाद चल रही जांच के बारे में मुझे कुछ नहीं पता। मैं इस तरह की किसी भी चीज पर टिप्पणी नहीं कर सकता। खिलाड़ियों की बात करें, तो पाकिस्तान में बहुत क्वालिटी है। हमने इसे कई सालों से देखा है और कई देशों में थोड़े-बहुत बदलाव होते हैं। यह एक ऐसा देश है जहां हमारे पास कुछ युवा खिलाड़ी के साथ कुछ अनुभवी खिलाड़ी भी हैं। यह सीखने की बात है और हम उन्हें कितनी जल्दी सीखा सकते हैं और टेस्ट के माहौल में सहज बना सकते हैं। इससे उन्हें लंबे समय में सच में मदद मिलेगी।"