PAK Vs SL 1st Test: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी क्रिकेट ग्राउंड में जारी टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ की ओर है। अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला मैच खेल रहे साकिब खान (130/7) की दमदार गेंदबाजी के बावजूद श्रीलंकाई टीम पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने में कामयाब रही, जिसके बाद पाकिस्तान ने चौथे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं।
रावलपिंडी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने अपनी पहली पारी 434/9 के स्कोर पर घोषित की। मेजबान टीम को सलामी जोड़ी के रूप में अजान ओवैस और तैय्यब आरिफ की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी हुई। अजान 7 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद तैय्यब भी पवेलियन लौट गए, जिन्होंने 51 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 57 रन की पारी खेली।
पाकिस्तान ने 90 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद मोहम्मद ताहा (51) ने कप्तान बाबर आजम (50) के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन, जबकि सऊद शकील के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 227 के स्कोर तक पहुंचा दिया।