पाकिस्तान के कुछ पूर्व क्रिकेटर जाम्बिया में गैर-मान्यता प्राप्त टी20 लीग में खेलने के बाद वापस लौट आए हैं। बताया जा रहा है कि इन्हें पूरा पेमेंट नहीं मिला और अब उन पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दो साल का बैन लगा दिया है।
ये खिलाड़ी एशियन लीजेंड्स लीग में हिस्सा लेने के लिए लुसाका पहुंचे थे। इस टूर्नामेंट का प्रचार पिछले महीने किया गया था और इसमें पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज, विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल और ऑलराउंडर सोहेल तनवीर जैसे कई बड़े नाम शामिल थे। वहीं, भारत के अंबाती रायडू भी शुरुआत में इस लीग का हिस्सा बनने वाले थे, लेकिन टूर्नामेंट को आधिकारिक मंजूरी नहीं मिलने की जानकारी के बाद उन्होंने बगैर कोई मैच खेले ही जाम्बिया छोड़ दिया।
लुसाका टी20 लीग 2 अगस्त को शुरू होने वाली थी, जिसमें एशियन स्टार्स, पाकिस्तान पैंथर्स, अफगानिस्तान और श्रीलंका जैसी टीमें शामिल थीं। खिलाड़ियों के करीबी एक सूत्र ने बताया कि हफीज, अकमल, तनवीर और जाहिद महमूद ने टूर्नामेंट के बारे में जानकारी मांगी थी, जब उन्हें पता चला कि इसे जाम्बिया क्रिकेट यूनियन (जेडसीयू) से मंजूरी नहीं मिली है।