पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) 25 अक्टूबर को पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच होने वाली वनडे ट्र्राई सीरीज के चौथे मैच का इस्तेमाल ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए करेगा। इस अभियान में खिलाड़ी, मैच अधिकारी और ब्रॉडकास्टर शामिल होंगे, जिसका मकसद इस बीमारी की जल्द पहचान और समय पर इलाज के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है।
श्रीलंका को भी शामिल करने वाली इस ट्राई सीरीज के तहत, लाहौर का गद्दाफी स्टेडियम गुलाबी रंग में रंगा नजर आएगा। पीसीबी अपनी 'कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी' (सीएसआर) पहल के तहत 'ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता दिवस' मनाएगा। यह अभियान 'पिंकटोबर' के दौरान चलाया जा रहा है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह' के रूप में मनाया जाता है।
पाकिस्तान की पुरुष टीम विशेष रूप से तैयार की गई गुलाबी किट पहनकर मैदान पर उतरेगी। वहीं, इंग्लैंड की टीम के सदस्य, मैच अधिकारी और कमेंटेटर भी मरीजों और इस बीमारी से उबर चुके लोगों के प्रति अपना समर्थन दिखाने के लिए गुलाबी रिबन पहनेंगे। यह जागरूकता अभियान पूरे स्टेडियम में दिखाई देगा। मैच के दौरान गुलाबी रंग के स्टंप्स का इस्तेमाल किया जाएगा और स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन तथा एलईडी बोर्ड्स पर जागरूकता संदेश दिखाए जाएंगे। कमेंटेटर भी लाइव प्रसारण के दौरान ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के महत्व पर बात करेंगे, ताकि पाकिस्तान और विदेशों में मौजूद दर्शकों तक यह संदेश पहुंच सके।