पाकिस्तान के अराफात मिन्हास ने पांचवें ही वनडे में किया कमाल, शाहिद अफरीदी और अब्दुल रज्जाक जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हुए (पाकिस्तान के अराफात मिन्हास ने पांचवें ही वनडे में किया कमाल, शाहिद अफरीदी और अब्दुल रज्जाक जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हुए)
पाकिस्तान ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के दौरान मंगलवार को रावलपिंडी में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड को 87 रन से हरा दिया। पाकिस्तान की जीत के हीरो ऑलराउंडर अराफात मिन्हास रहे। अराफात ने गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई।
अराफात मिन्हास सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। 21 साल के बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 58 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 59 रन की पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी के दौरान बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 8.4 ओवर में 40 रन देकर 6 विकेट लिए।
मिन्हास ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच बने। साथ ही किसी एक वनडे मैच में अर्धशतक लगाने और पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले पाकिस्तान के तीसरे खिलाड़ी बने। अराफात ने अपने वनडे करियर के पांचवें मुकाबले में ही यह उपलब्धि हासिल की।