भारत-वेस्टइंडीज के बीच व्हाइट बॉल सीरीज की शुरुआत रविवार से होने जा रही है, जिससे पहले कैरेबियाई टीम के कप्तान शाई होप ने स्वीकारा है कि भारत को उनके घर में खेलना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे मुश्किल चुनौतियों में से एक है।
भारत और वेस्टइंडीज की टीमें 27 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेंगी। इसके बाद 6-17 अक्टूबर तक दोनों देश 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगे।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में होप ने पत्रकारों से कहा, "भारत के खिलाफ उनके घर में खेलना हमेशा एक चुनौती होती है। यह एक ऐसी चुनौती है, जिसका हमें सामना करना चाहिए। यह हमारे लिए बतौर टीम खुद को परखने का मौका है। जब आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं, तो चाहते हैं कि सबसे अच्छी टीमों के खिलाफ उनके घरेलू हालात में खेलें, क्योंकि वहीं आपकी असल परीक्षा होती है। हम निश्चित रूप से इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह हमारे लिए रोमांचक होने वाला है।"