प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद में शुक्रवार को अपनी सभा के दौरान खेल क्षेत्र को लेकर एक अहम बयान दिया। पीएम मोदी ने कहा कि हम ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ मिलकर खेल के क्षेत्र में काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा को भी फायदा होगा। हरियाणा खेल के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य है, इसलिए पीएम का बयान निश्चित रूप से हरियाणा और देश के खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में वहां की सरकारों से खेल को लेकर मेरी व्यापक चर्चा हुई है। इन दोनों देशों के साथ मिलकर आने वाले समय में हम खेल उद्योग, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण जैसे बहुत सारे काम साथ मिलकर करने वाले हैं। इससे हरियाणा के युवाओं को भी बहुत लाभ होगा।
पीएम ने कहा कि साल 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा। ओलंपिक 2036 की मेजबानी हासिल करने के लिए भी हम पूरी तैयारी कर रहे हैं। हर खिलाड़ी को जोरदार तैयारी करनी है। पूरा दमखम लगाना है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारी सरकार आपको सभी सुविधाएं देगी। अगले 2036 के ओलंपिक के लिए हमें 5 से 10 साल की उम्र के बच्चों पर ध्यान देना होगा।