पूनम यादव की गिनती भारत की सबसे बेहतरीन स्पिन गेंदबाजों में की जाती है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पूनम ने अपनी घूमती गेंदों के दम पर विश्व क्रिकेट में अलग पहचान बनाई। हालांकि, उनका यह सफर चुनौतियों से भरा रहा।
पूनम का जन्म 24 अगस्त, 1991 को उत्तर प्रदेश के आगरा में हुआ। पूनम को शुरुआत से ही क्रिकेट से खास लगाव था और वह अपने जबरदस्ती अपने बड़े भाई के साथ मैदान पर जाया करती थीं। पूनम बचपन में लड़कों संग क्रिकेट खेलती थीं और धीरे-धीरे उन्होंने अपनी घूमती गेंदों के दम पर हर किसी को प्रभावित करना शुरू कर दिया।
हालांकि, पूनम के माता-पिता नहीं चाहते थे कि वह क्रिकेट की दुनिया में अपना करियर बनाएं। पिता हमेशा उन्हें क्रिकेट खेलने से रोकते और डांटते थे। मगर पूनम इस खेल में अपना करियर बनाने की ठान चुकी थीं। महज 8 साल की उम्र में पूनम ने स्टेडियम में पहली बार कदम रखा। वह एक बार अकेले ही स्टेडियम चली गई थीं और घर कोच हेमलता काला के साथ लौटी थीं, ताकि वह उनके पिता को क्रिकेट खेलने के लिए मना सकें।