ICC Women: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को बताया कि प्रतीका रावल को चोट से पूरी तरह ठीक होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे की यह वनडे सीरीज 24 फरवरी से शुरू होगी। पहला मुकाबला ब्रिस्बेन में खेला जाएगा, जबकि बाकी दो मैच होबार्ट में होंगे। इस समय दोनों टीमों के बीच टी-20 सीरीज चल रही है, जिसमें भारतीय महिला टीम 1-0 से आगे है। यह सीरीज 21 फरवरी को समाप्त होगी। इसके बाद 6 मार्च को पर्थ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।
प्रतीका रावल 26 अक्टूबर से मैदान से बाहर थीं। महिला विश्व कप के लीग मैच में बांग्लादेश के खिलाफ खेलते समय उनके दाहिने टखने और घुटने में चोट लग गई थी। बारिश के कारण वह मैच पूरा नहीं हो सका था। चोट के चलते वह टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में भी नहीं खेल पाईं। इससे पहले उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए पहली बार टीम में चुना गया था।