भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा को पिछले 2 दशक में भारतीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार शाम को राष्ट्रपति भवन में रोहित शर्मा को सम्मानित किया।
रोहित शर्मा आधुनिक क्रिकेट में दुनिया के बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। तीनों फॉर्मेट में रोहित ने अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी में करिश्माई प्रदर्शन किया है। मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में अपने करियर का आगाज करने वाले रोहित ने 2013 से बतौर सलामी बल्लेबाज खेलना शुरू किया था और पिछले एक दशक में महानतम ओपनर के रूप में खुद को स्थापित किया है।
रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ वनडे से किया था। अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के ठीक 19 साल बाद उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। रोहित ने 19 सितंबर 2007 को टी20 और नवंबर 2013 में टेस्ट में डेब्यू किया था।