Punjab Kings: भोपाल की रतिबाद पुलिस ने पंजाब किंग्स के क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता, पुलिस के रिटायर्ड स्पेशल डायरेक्टर जनरल (डीजी) शैलेश सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उनके घर पर काम करने वाले एक रसोइए ने मारपीट, गाली-गलौज और जबरदस्ती मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है।
आईएएनएस को मिली एफआईआर में शैलेश सिंह, शशांक सिंह और उनके ड्राइवर (जिसकी पहचान मिश्रा के तौर पर हुई है) को आरोपी बनाया गया है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
रीवा जिले के रहने वाले शिकायतकर्ता विपेंद्र सिंह तोमर ने 25 जून को नीलबाद स्थित परिवार के बंगले में रसोइए के तौर पर काम शुरू किया था। विपेंद्र का आरोप है कि उन्हें खाने-पीने और रहने की सुविधा के साथ 15,000 रुपए महीने की सैलरी देने का वादा किया गया था।