भारत के पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे का मानना है कि टीम मैनेजमेंट को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की उस टॉप-तीन जोड़ी पर ही भरोसा बनाए रखना चाहिए, जिसने टी20 वर्ल्ड कप जिताया था।।
इसके साथ ही रहाणे ने कहा कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी आगे चलकर मौके जरूर मिलेंगे। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था। हालांकि, इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और कुछ खराब पारियों के कारण उन्हें भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया। उसी इंग्लैंड दौरे के दौरान मैनचेस्टर में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली थी। उस सीरीज में उनकी जगह युवा बल्लेबाज सूर्यवंशी ने ओपनिंग की थी। हालांकि, अब सैमसन की भारतीय टीम में वापसी हो गई है। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए फिर से टीम में शामिल किया गया है। यह सीरीज रविवार से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होगी।