चचेरे भाई के नक्शेकदम पर चलने वाले राहुल चाहर , जिन्होंने गुगली से किया बल्लेबाजों को परेशान (Image Source: IANS)
राहुल देशराज चाहर की गिनती प्रतिभाशाली लेग स्पिनर्स में होती है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में राजस्थान और आईपीएल में विभिन्न टीमों का प्रतिनिधित्व किया। राहुल अपनी सटीक गेंदबाजी, नियंत्रण और विकेट लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जिन्होंने भारतीय टीम के लिए भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
4 अगस्त 1999 को राजस्थान के भरतपुर में जन्मे राहुल चाहर ने अपने चचेरे भाई दीपक चाहर के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था। एक तरफ दीपक चाहर ने तेज गेंदबाज के तौर पर अपनी पहचान बनाई, तो दूसरी ओर स्पिनर राहुल की खासियत उनकी लेगब्रेक गुगली थी।
शुरुआत में राहुल भी तेज गेंदबाजी ही करते थे, लेकिन उसमें इतनी धार नहीं थी। एक दिन प्रैक्टिस के दौरान राहुल ने दीपक को एक लेग-ब्रेक गेंद डाली, जिसे देखकर उन्हें लेग-स्पिनर बनने की सलाह दी गई।