रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ होने वाले लीग-स्टेज मुकाबले के लिए कप्तान रजत पाटीदार की उपलब्धता की पुष्टि की। रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच में रजत को सिर में चोट लग गई थी। चोट की वजह से रजत धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे।
एसआरएच के खिलाफ मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोबाट ने कहा, "रजत अब पूरी तरह से तैयार हैं। हम उनके मामले में काफी सतर्क थे और हमने उनके साथ कोई जोखिम नहीं उठाया। हमने सोचा था कि हम उन्हें ठीक होने और आराम करने के लिए थोड़ा और समय देंगे, लेकिन वह यहां हैं, अभ्यास कर रहे हैं, और खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।"
13 मैच में 24 विकेट लेकर फिलहाल पर्पल कैप अपने पास रखने वाले आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की बोबाट ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर का प्रदर्शन शानदार रहा है। उनके नतीजे बेहतरीन रहे हैं। उन्होंने न केवल बहुत सारे विकेट लिए हैं, बल्कि बेहतरीन लय के साथ गेंदबाजी भी की है। वह पारी की शुरुआत में और अंत में भी काफी प्रभावी रहे हैं। हम उनके प्रदर्शन से बहुत खुश हैं।