पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट 2026/27 के लिए टीम का ऐलान किया। पंजाब टीम की कमान रमनदीप सिंह के हाथों में सौंपी गई है।
इसके साथ ही हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतक लगाने वाले युवा बल्लेबाज अर्जुन राजपूत अंडर-19 एशिया कप में अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद टीम से जुड़ेंगे। राजपूत के टीम से जुड़ने का समय इस बात पर निर्भर करेगा कि अंडर-19 एशिया कप में भारत कैसा प्रदर्शन करता है। बता दें कि गुरुवार को मस्कट में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होना है।
पंजाब की टीम में एक और बदलाव हुआ है। विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की जगह सहज धवन को टीम में शामिल किया गया है। प्रभसिमरन को 'मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप' (जो 19 से 29 नवंबर तक दोहा में खेला जाएगा) के लिए भारत-ए टीम में चुना गया है।रमनदीप टीम की कमान संभालेंगे, जबकि शानदार फॉर्म में चल रहे सलिल अरोड़ा विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। अनुभवी अनमोलप्रीत सिंह और सनवीर सिंह के साथ-साथ उदय सहारन और विहान मल्होत्रा टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। स्पिन गेंदबाजी की कमान लेफ्ट-आर्म स्पिनर हरप्रीत बरार और लेग-स्पिनर रघु शर्मा संभालेंगे।