मुंबई की रणजी टीम को अपने अनुभवी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की सेवाएं हरियाणा के खिलाफ होने वाले मैच में नहीं मिल पाएंगी। उंगली की चोट से उबर रहे ठाकुर सोमवार से बीकेसी कॉम्प्लेक्स में शुरू होने वाले एलीट राउंड 3 के मुकाबले में हरियाणा के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे।
सीजन के पहले राउंड से ठीक पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोटिल होने के बाद से ही ठाकुर मैदान से बाहर हैं। मुंबई टीम के साथ ट्रेनिंग में लौटने के बावजूद, वह अभी तक पूरी तरह से मैच खेलने के लिए फिट नहीं हो पाए हैं। शुरुआत में उम्मीद थी कि वह कम से कम पहले दो राउंड से बाहर रहेंगे और माना जा रहा था कि वह हरियाणा के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
'क्रिकइन्फो' के अनुसार, मुंबई ने उनकी वापसी में जल्दबाजी न करने का फैसला किया है। टीम उसी स्क्वॉड के साथ उतरेगी, जिसने अपने पिछले मैच में बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी। 34 वर्षीय ठाकुर आखिरी बार अगस्त के आखिर में वेस्ट जोन की ओर से नॉर्थ जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में खेले थे। उस मैच में उन्होंने 14 ओवर में एक विकेट लिया था और अपनी इकलौती पारी में 10 रन बनाए थे, जिसमें वेस्ट जोन को 54 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।