अरुणाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एआरसीए) में जारी प्रशासनिक संकट के कारण राज्य को अपना पहला मैच गंवाना (वॉकओवर देना) पड़ा था। अब बीसीसीआई की तरफ से नियुक्त तीन सदस्यीय चयन पैनल ने 15 खिलाड़ियों की टीम चुनी है, जिसमें नीलम ओबी को रणजी ट्रॉफी के अगले तीन मुकाबलों के लिए कप्तान बनाया गया है।
कमशा यांगफो को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि असम के पूर्व क्रिकेटर सुजय तरफदार हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। दिल्ली के लिए दो फर्स्ट-क्लास मैच खेल चुके सलिल मल्होत्रा को गेस्ट प्लेयर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।
पैनल ने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के पहले तीन मैचों के लिए भी 15 सदस्यीय अंडर-23 टीम चुनी है, जिसमें लेकी त्सेरिंग कप्तान और टेची टाडो उप-कप्तान होंगे। यह चयन ऐसे समय में हुआ है जब अरुणाचल क्रिकेट एसोसिएशन (एआरसीए) में काफी उथल-पुथल चल रही है। एसोसिएशन के दो गुटों के बीच कानूनी विवाद के कारण गुवाहाटी हाई कोर्ट (ईटानगर बेंच) में मामला चल रहा था, जिस वजह से राज्य की टीम अहमदाबाद में नागालैंड के खिलाफ अपना पहला मैच नहीं खेल पाई।