रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 में बुधवार को 7 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए। इस दौरान मध्य प्रदेश बनाम जम्मू और कश्मीर का मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें मध्य प्रदेश सिर्फ 3 विकेट से जीत से वंचित रह गई। आइए, ड्रॉ हुए मुकाबलों पर एक नजर डालते हैं।
मध्य प्रदेश बनाम जम्मू और कश्मीर: श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी में सिर्फ 196 रन बनाए थे, लेकिन इसके जवाब में जम्मू और कश्मीर की टीम 120 रन पर ढेर हो गई। मध्य प्रदेश के पास पहली पारी के आधार पर 76 रन की बढ़त थी। इस टीम ने दूसरी पारी 249/6 के स्कोर पर घोषित करते हुए विपक्षी टीम को जीत के लिए 326 रन का टारगेट दिया। चौथे दिन की समाप्ति तक जम्मू और कश्मीर ने 34 ओवरों में सिर्फ 88 रनों तक 7 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन मध्य प्रदेश की टीम जीत से महज 3 विकेट दूर रह गई।
झारखंड बनाम केरल: एलीट ग्रुप-सी के इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड ने शिखर मोहन (143), आदित्य चंद्रेश सिंह (147) और कप्तान विराट सिंह (108) की शानदार पारियों के दम पर पहली पारी में 587 रन बनाए। विपक्षी खेमे से वैशाख चंद्रन ने 5 विकेट झटके।