भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल की रणजी ट्रॉफी में बहुप्रतीक्षित वापसी निराशाजनक रही। रविवार को यहां नए पीसीए स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के खिलाफ पंजाब के दूसरे दौर के एलीट ग्रुप बी मैच में बाएं हाथ के स्पिनर अजय मंडल ने उन्हें सिर्फ एक रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया।
विहान मल्होत्रा के धर्मेंद्रसिंह जडेजा द्वारा एलबीडब्ल्यू आउट किए जाने के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गिल केवल 5 गेंदों तक टिक सके। 27वें ओवर की तीसरी गेंद पर अजय मंडल ने उन्हें छकाया, गेंद सीधी रही और बल्ले और पैड के बीच से निकलकर सीधे मिडिल स्टंप पर जा लगी।
27 वर्षीय गिल ने असम के खिलाफ पंजाब का इस सीजन का पहला मैच नहीं खेला था, लेकिन न्यूजीलैंड दौरे से पहले लाल गेंद क्रिकेट की प्रैक्टिस के लिए वह छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच में खेलने उतरे। हालांकि, गिल टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन वह न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम में शामिल हैं। इस दौरे में पांच टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे, जो वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के लिहाज से बहुत अहम हैं। इसके साथ ही, भारत की कोशिश वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल की रेस में अपनी उम्मीदें बनाए रखने की भी होगी।