भारतीय क्रिकेट टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर है। टीम इंडिया में अधिकांश युवा खिलाड़ी हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा नहीं हैं। जसप्रीत बुमराह इंजरी की वजह से सीरीज से बाहर हो चुके हैं। साई सुदर्शन भी पहले टेस्ट से बाहर हैं, और रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे टेस्ट में भी उनका खेलना संदिग्ध है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए इस दौरे पर अनुभवी ऑल-राउंडर रवींद्र जडेजा बेहद अहम हो सकते हैं।
जडेजा का पूर्व में भी श्रीलंका के खिलाफ गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन रहा है।
टेस्ट फॉर्मेट में नंबर वन ऑलराउंडर जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 2017 से 2022 के बीच 7 टेस्ट मैच खेले हैं। 9 पारियों में इस दिग्गज खिलाड़ी ने 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाते हुए 326 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 175 रन रहा है। वहीं, गेंदबाजी में जडेजा श्रीलंकाई टीम के खिलाफ बेहद सफल रहे हैं और 33 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान 2 बार उन्होंने एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 41 रन देकर 5 विकेट रहा है।