T20 World Cup: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 72 रन से शानदार जीत दर्ज की। 23 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 50 रन की नाबाद पारी खेलने वाले हार्दिक पंड्या को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जिन्होंने तिलक वर्मा (नाबाद 44) के साथ 31 गेंदों में 84 रन की अटूट साझेदारी की।
एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ 184 रन ही बना सकी।
मैच जीतने के बाद हार्दिक पंड्या ने अपनी ताबड़तोड़ पारी को लेकर कहा, "मैं काफी खुश हूं। 23 गेंदों में 50 सुनने में थोड़ा अजीब लगता है, लेकिन उस स्थिति में मुझे खुद को दोबारा आंकना पड़ा। मुझे लगा कि मैं ज्यादा जोर से मारने की कोशिश कर रहा था। मैच के दौरान अहसास हुआ कि मैं टाइमिंग पर भरोसा रखकर भी छक्के लगा सकता हूं। मेरे लिए यह लय बनाए रखने वाला अच्छा मैच रहा, क्योंकि पिछले कुछ मैचों में मैं वो नहीं कर पा रहा था जो चाहता था। इसलिए मैं संतुष्ट हूं।"