रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 167 रन से जीत हासिल करते हुए ईरानी कप अपने नाम किया। 'प्लेयर ऑफ द मैच' रविचंद्रन स्मरण ने ईरानी कप में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मैच जिताऊ 135 रनों की पारी के दौरान अपनी शांत सोच का श्रेय घरेलू क्रिकेट में उम्र-वर्ग के स्तर पर खेलने के अपने लंबे अनुभव को दिया। उन्होंने कहा कि हर मैच को एक जैसा मानने से उन्हें दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली।
शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में अपने माता-पिता और बचपन के कोच सैयद जबीउल्ला की मौजूदगी में, बाएं हाथ के बल्लेबाज स्मरण 'रेस्ट ऑफ इंडिया' के लिए सबसे शानदार खिलाड़ी रहे। उन्होंने रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर के विरुद्ध दोनों पारियों में मुश्किल हालात से अपनी टीम को उबारते हुए 68 और 135 रन बनाए।
उनकी दूसरी पारी में लगाई गई सेंचुरी और मुकेश चौधरी के साथ नौवें विकेट के लिए 113 रनों की अहम साझेदारी ने जम्मू-कश्मीर के सामने 279 रनों का लक्ष्य रखा। यह लक्ष्य उनके लिए बहुत मुश्किल साबित हुआ और 'रेस्ट ऑफ इंडिया' ने 167 रनों से जीत हासिल कर अपना 31वां ईरानी कप खिताब जीता।