श्रीलंका में ए टीमों के बीच खेली जा रही वनडे फॉर्मेट की त्रिकोणीय सीरीज के अपने पहले मैच में इंडिया ए टीम ने श्रीलंका ए को 278 रन का लक्ष्य दिया है। भारत की तरफ से ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार शतक लगाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 2 और वैभव सूर्यवंशी 14 रन बनाकर आउट हो गए। 16 रन पर 2 विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम को प्रियांश आर्य और ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आर्य 32 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ ने बेहतरीन शतक लगाया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 114 गेंदों पर 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 101 रन की पारी खेली। आईपीएल के दौरान अपनी निराशाजनक बल्लेबाजी की वजह से आलोचना का शिकार हुए गायकवाड़ ने बड़े मंच पर दमदार बल्लेबाजी से अपने आलोचकों को जवाब दिया।