Robin Uthappa: भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बनाई। 11 नवंबर 1985 को कर्नाटक में जन्मे रॉबिन वेणु उथप्पा ने साल 2005 में चैलेंजर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। जहीर खान, मुरली कार्तिक और आरपी सिंह जैसे गेंदबाजों के सामने उन्होंने 66 रन बनाए। इसके बाद इंडिया-बी की तरफ से 93 गेंदों में शतक जड़कर अपनी प्रतिभा साबित की।
साल 2006 में उथप्पा को इंग्लैंड के खिलाफ इंदौर में वनडे डेब्यू का मौका मिला। उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में 86 रन की शानदार पारी खेली। साल 2007 में वह महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बने। हालांकि, इसके बाद उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा नहीं रहा और साल 2008 में खराब औसत के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।
उथप्पा ने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट तथा आईपीएल में शानदार वापसी की। उन्होंने साल 2009 और 2010 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद पुणे वॉरियर्स इंडिया की तरफ से भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। साल 2013-14 में कर्नाटक को रणजी ट्रॉफी, ईरानी कप और विजय हजारे ट्रॉफी जिताने में उनका अहम योगदान रहा।