दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स के अनुसार, विराट कोहली अपने शानदार करियर में एक ऐसे पड़ाव पर पहुंच गए हैं, जहां अब वह अपनी कामयाबियों को लेकर ज्यादा गंभीर हैं। डिविलियर्स ने कहा कि मैं विराट को उनके करियर के आखिरी दौर में आजादी के साथ खेलते हुए देखना चाहता हूं।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर फैनकोड की एक खास चैट में डिविलियर्स ने आईएएनएस से कहा, "करियर के आखिर में आपको लगता है कि अब गिने-चुने दिन रह गए हैं, चाहे एक साल हो या दो या तीन साल। कौन जानता है कि विराट कितने समय तक खेलेंगे। उनके लक्ष्य क्या हैं, अगर यह उनका आखिरी विश्व कप है, तो वह इसे जीतने की कोशिश करेंगे। यह वही जानते हैं।"
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि विराट के कितने आईपीएल बाकी हैं। यह साफ तौर पर उनका निजी फैसला है। मुझे लगता है कि किसी इंसान के करियर के आखिर में आपको एहसास होता है कि आप कितने शुक्रगुजार होंगे और आप कितने लकी रहे होंगे कि आप जहां से आए हैं, उसके बाद इतना लंबा करियर मिला है। आप अपने शुरुआती दिनों को याद करें, जब आप पांच साल के लड़के थे और क्रिकेट के मैदान में दौड़ते थे और बस खेल का मजा लेते थे। यह लगभग पूरा साइकिल होता है। अपने करियर के बीच में, हम एथलीट के तौर पर हमेशा बहुत ड्रिवन, बहुत इमोशनल होते हैं और हर ट्रॉफी जीतना चाहते हैं और दुनिया में बेस्ट बनना चाहते हैं।"