भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने गुरुवार को कहा कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ उनका पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी आपसी समझ पारंपरिक रिश्तों से कहीं आगे है और दोनों एक-दूसरे की सोच के बारे में जानते हैं।
गौतम गंभीर ने जियोस्टार पर कहा, "रोहित और मेरा रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं था। जब रोहित टीम में आए, तो मैं उस समय एक सीनियर खिलाड़ी था, इसलिए रोहित और मेरा रिश्ता तब से है। रोहित मुझे तब से जानते हैं। अक्सर जब आप साथ खेलते हैं, तो चीजें बहुत आसान हो जाती हैं। मैं उनकी और वे मेरी सोच से वाकिफ हैं। कल मेरी सोच कुछ और हो सकती है, कप्तान की सोच कुछ और हो सकती है, लेकिन आखिर में, जो भी टीम के हित में हो, अगर वही आखिरी फैसला है, तो उससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।"
गंभीर ने कहा कि जिन चार कप्तानों के साथ उन्होंने काम किया है, उनके साथ उनका यही अनुभव रहा है कि सभी का फोकस भारतीय क्रिकेट पर रहा है।