भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए आईपीएल 2026 एक अलग अनुभव रहा। सैमसन इस बार आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की गुलाबी नहीं, बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की पीली जर्सी में दिखे। आरआर में लंबा समय बिताने के बाद सीएसके में पहुंचे सैमसन ने अपनी पुरानी आईपीएल टीम और उसे छोड़ने के समय को याद किया है।
सैमसन ने जियोस्टार के शो 'सुपरस्टार्स' पर कहा, "आरआर से अलग होना मेरे लिए बहुत बड़ा फैसला था। मेरा मानना है कि जब आप कुछ समय तक किसी टीम के लिए खेलते हैं, तो आपको लगने लगता है कि यह आपकी टीम है और कोई आपको हटा नहीं सकता। हालांकि, मुझे हमेशा यह एहसास रहता था कि किसी भी जगह पर हर किसी का समय सीमित होता है। आप अपना काम करते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं। आईपीएल 2025 के बाद एक ऐसा समय आया जब मुझे लगा कि मुझे आगे बढ़ना चाहिए। मैंने खुद से कहा कि लड़के तैयार हैं और आरआर संजू सैमसन के बिना खेलने के लिए तैयार है। मैंने उसी समय आरआर छोड़ने के बारे में सोचा।"
सीएसके में जाने के अपने फैसले पर सैमसन ने सबसे पहले पूर्व कप्तान एमएस धोनी और मौजूदा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के प्रभाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "जब आप कहीं और जाने के बारे में सोचते हैं, तो आप सोचते हैं कि कहां जाएं और किस टीम में शामिल हों। उस समय दो-तीन विकल्प थे। लेकिन सच कहूं तो, सीएसके, माही भाई का प्रभाव, फ्रेंचाइजी और वहां मेरे दोस्त, खासकर ऋतुराज, इन सब वजहों से मेरा वहां अच्छा कनेक्शन था।"