Rugby Premier League: पश्चिम बंगाल के एक छोटे से चाय बागान से निकलकर भारतीय महिला रग्बी की पहचान बनने तक का सफर तय करने वाली चेन्नई बुल्स की स्टार खिलाड़ी संध्या राय का मानना है कि रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) का महिला संस्करण ग्रामीण भारत की लड़कियों के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा। उनका कहना है कि जब छोटे गांवों की बेटियां टीवी पर महिला खिलाड़ियों को खेलते देखेंगी तो वे भी बड़े सपने देखने का साहस जुटाएंगी।
रग्बी इंडिया की पहल पर शुरू हुई रग्बी प्रीमियर लीग दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित रग्बी सेवन्स लीग है। 2026 में पहली बार महिला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें चार टीमें हिस्सा लेंगी।
संध्या राय ने आईएएनएस से कहा कि भारत में रग्बी खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति को लेकर लोगों में कई गलतफहमियां हैं। उन्होंने कहा कि लोग सोशल मीडिया और खबरों में खिलाड़ियों की सफलता देखकर समझते हैं कि उनके पास बहुत पैसा होगा, लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।