श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड ने गाले टेस्ट मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले देवदत्त पडिक्कल की जमकर तारीफ की है। उन्होंने मानव सुथार के धैर्य को भी सराहा है।
साई सुदर्शन के सीरीज से बाहर होने के बाद पहले टेस्ट में नंबर तीन पर उतरे पडिक्कल का प्रदर्शन बल्ले से शानदार रहा। उन्होंने 167 रनों की लाजवाब पारी खेली, जिससे भारतीय टीम श्रीलंका पर शिकंजा कस सकी। कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने दूसरी पारी में भी 44 रनों की अहम पारी खेली।
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के वर्चुअल इवेंट में अर्नोल्ड ने 'आईएएनएस' से कहा, "पडिक्कल बहुत अच्छी लय में दिख रहे हैं। उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है। वह अपनी खूबियों का बहुत अच्छे से इस्तेमाल करते हैं - जैसे उनकी पहुंच और पैरों का इस्तेमाल - धीमी पिचों और हालात में खेलना असल में एक कला है। यह आसान लग सकता है, लेकिन हर कोई रन नहीं बना पाता।"