क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को एसए20 लीग के पांचवें सीजन का शेड्यूल जारी किया है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 17 जनवरी से होगी, जबकि फाइनल मैच 21 फरवरी को खेला जाएगा। इसके मैच छह होस्ट वेन्यू पर खेले जाएंगे और आखिर में केप टाउन के न्यूलैंड्स में फाइनल होगा।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 17 जनवरी को गेबेरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। 23 जनवरी, 30 जनवरी, 6 फरवरी और 13 फरवरी को डबल-हेडर होंगे। इनमें से पहले दिन डरबन के सुपर जायंट्स किंग्समीड में प्रिटोरिया कैपिटल्स की मेजबानी करेंगे और उसके बाद उसी दिन वांडरर्स में जोबर्ग सुपर किंग्स का मुकाबला सनराइजर्स ईस्टर्न केप से होगा।
प्लेऑफ की शुरुआत 16 फरवरी को पार्ल के बोलैंड पार्क में क्वालीफायर-1 से होगी। ऐसा पहली बार होगा जब इस मैदान पर लीग का कोई प्लेऑफ मैच खेला जाएगा। जोहान्सबर्ग का वांडरर्स स्टेडियम 17 फरवरी को एलिमिनेटर और 19 फरवरी को क्वालीफायर-2 की मेजबानी करेगा। इसके बाद, न्यूलैंड्स लगातार दूसरे साल और कुल मिलाकर तीसरी बार 21 फरवरी को चैंपियनशिप का फाइनल मैच आयोजित करेगा।