भले ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) आर्थिक, व्यासायिक और खेल के नजरिए से टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग में सबसे आगे है, लेकिन साउथ अफ्रीका की एसए20 लीग ने भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
टूर्नामेंट का पांचवां सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है। साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज क्रिस मॉरिस का मानना है कि टूर्नामेंट की सफलता स्थानीय फैंस की वफादारी बनाने पर निर्भर करती है। मॉरिस ने मंगलवार को 'सीजन 5' के ऑक्शन से पहले आयोजित एक ऑनलाइन बातचीत में 'आईएएनएस' से कहा, "सबसे पहले तो इसने दर्शकों को अपनी ओर खींचा है। इससे पहले जो लीग हुई हैं और जिन्होंने हमारी नंबर वन लीग बनने की कोशिश की है, उनके प्रति कोई अनादर नहीं है, लेकिन एसए20 आई है और इसने उसी फॉर्मूले का इस्तेमाल किया है जो आईपीएल का था - यानी पूरे देश में फ्रेंचाइजी होना। मुझे लगता है कि सबसे अहम बात यह है कि अब लोगों के पास सपोर्ट करने के लिए अपनी टीमें हैं। पांचवें सीजन में जाते हुए, लोगों के पास अपनी टीम है और वे जानते हैं, 'मैं यहां का रहने वाला हूं, यह मेरी जगह है और यह वह टीम है जिसे हम सपोर्ट करते हैं।' जबकि पहले ऐसा होता था कि आपका स्थानीय प्रांत किसी पड़ोसी प्रांत की टीम के खिलाफ खेल रहा होता था।"
उन्होंने कहा, "पहले यह तय करना मुश्किल होता था कि किसे सपोर्ट करें, लेकिन एसए20 में यह स्पष्ट तौर पर तय है कि आप किसे सपोर्ट करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि लोग फिर से क्रिकेट देखने जाना चाहते हैं। हर मैच में हमारे स्टेडियम खचाखच भरे रहते हैं। यह ऐसा टूर्नामेंट है जिसका लोग हर साल बेसब्री से इंतजार करते हैं।"