T20 World Cup Final: गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को भारत ने जीत लिया है। इसके साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार इस वर्ल्ड कप को अपने नाम किया है। जीत के बाद टीम इंडिया को जमकर बधाइयां मिल रही हैं।
'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भारत की जीत पर सोशल मीडिया पर लिखा कि लगातार दो बार विश्व कप जीतना, टी20 प्रारूप में पहली बार किसी टीम ने ऐसा किया है। ट्रॉफी के पूरी तरह से योग्य और असली विजेता। हमारी टीम ने क्या शानदार प्रदर्शन किया और क्रिकेट का एक विशेष ब्रांड प्रदर्शित किया। शाबाश, टीम इंडिया। जय हिंद!
क्रिकेटर विराट कोहली ने एक्स पर लिखा कि अहमदाबाद में टीम इंडिया की अभूतपूर्व जीत। पूरे टूर्नामेंट में हमने जो विस्फोटक क्रिकेट खेला, उसका कोई मुकाबला नहीं। कठिन परिस्थितियों में लड़ते रहने और एक बार फिर विश्व चैंपियन बनने के लिए लड़कों ने शानदार चरित्र दिखाया। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन के सभी सदस्यों को बधाई। जय हिंद।