श्रीलंका ए के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के दूसरे दिन के खेल की समाप्ति के समय साई सुदर्शन की शतकीय पारी की बदौलत भारतीय ए टीम ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
दूसरे दिन के खेल की समाप्ति के समय भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 247 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने लगातार दूसरा शतक लगाया। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज 184 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 104 रन बनाकर नाबाद है। सुदर्शन के साथ क्रीज पर देवदत्त पड्डिकल मौजूद हैं। पड्डिकल भी शतक के करीब हैं। वह 151 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 94 रन बनाकर खेल रहे हैं। सुदर्शन और पड्डिकल के बीच अब तक 181 रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत को एकमात्र झटका अमन मोखाड़े के रूप में लगा है। सुदर्शन के साथ पारी की शुरुआत करने आए मोखाड़े 48 गेंदों पर 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके लगाए और सुदर्शन के साथ पहले विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की।