संदीप पाटिल का नाम भारतीय क्रिकेट के आक्रामक और प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में शुमार है, जिन्होंने अपनी आकर्षक बल्लेबाजी और निडर अंदाज से फैंस के दिलों में खास जगह बनाई। वर्ल्ड कप 1983 विजेता टीम का हिस्सा रहे पाटिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का गौरव बढ़ाते हुए कई यादगार पारियां खेलीं। इस स्टाइलिश क्रिकेटर ने एक्टिंग करियर के अलावा, कोच के तौर पर भी शोहरत हासिल की।
18 अगस्त 1956 को बॉम्बे में जन्मे संदीप पाटिल अपने पिता मधुसूदन पाटिल के नक्शेकदम पर चलते हुए एक क्रिकेटर बने। पिता मुंबई के लिए 5 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके थे। संदीप पाटिल शानदार बल्लेबाजी से भारत के मिडिल ऑर्डर को मजबूती देते थे। इसके साथ ही उनकी मीडियम पेस गेंदबाजी भी कई मौकों पर टीम के काम आई।
संदीप पाटिल ने 15 जनवरी 1980 को पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। इसी साल 6 दिसंबर को उन्होंने वनडे फॉर्मेट में भी पदार्पण कर लिया। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध था।