T20 World Cup: भारत के खिलाफ रविवार को सुपर-8 मैच में 5 विकेट से हार के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज का सफर समाप्त हो गया है। कैरेबियन टीम के कप्तान शाई होप ने भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को सराहा है, जिन्होंने 50 गेंदों में 4 छक्कों और 12 चौकों के साथ 97 रन की नाबाद पारी खेलते हुए वेस्टइंडीज से जीत छीन ली।
रविवार को खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 19.2 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली।
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने हार के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "शायद हम कुछ रन कम बना पाए, खासकर यहां जैसे चेजिंग ग्राउंड पर। हम आखिरी ओवरों में थोड़े अधिक रन जोड़ सकते थे। संजू सैमसन ने वाकई शानदार पारी खेली, इसका श्रेय उन्हें देना होगा, लेकिन अगर कुछ रन और होते तो बेहतर रहता।"