T20 World Cup Final: टी20 विश्व कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने वाले किरदारों में सबसे अहम संजू सैमसन की एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। यह कहानी एक पेशेवर खिलाड़ी की मेहनत और त्याग को भी दिखाती है। इस कहानी को मशहूर शेफ सुरेश पिल्लई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टरफाइनल जैसे मुकाबले में सैमसन ने 50 गेंद पर 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया था। इस पारी ने संजू सैमसन की इमेज भारतीय क्रिकेट में एक ऐसे बल्लेबाज के रूप में बना दी जो मुश्किल परिस्थितियों से टीम को निकालकर अकेले दम जीत दिला सकता है। 1 मार्च को खेले गए इस मैच में भारत को जीत दिलाने के बाद संजू सैमसन भी बहुत खुश थे और लंबे समय बाद अपना पसंदीदा खाना खाना चाहते थे। उस रात सैमसन ने अपने मैनेजर से खास 'चीट मील' का इंतजाम करने को कहा।
शेफ सुरेश पिल्लई ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में इस कहानी को साझा किया है। उन्होंने बताया कि सैमसन के मैनेजर इखलास का उन्हें फोन आया और कहा कि तीन महीने की सख्त डाइट के बाद सैमसन को एक रात के लिए अपनी पसंद का खाना चाहिए। उन्होंने पझनकांजी, मछली, कप्पा और चम्मंथी जैसे पारंपरिक केरल व्यंजन की मांग की।