आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए बाएं हाथ की स्पिनर क्रिस्टी गॉर्डन को स्कॉटलैंड की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड में खेले जाने वाले इस वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड को ग्रुप-बी में मेजबान इंग्लैंड, आयरलैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ रखा गया है। इस टीम का अभियान 13 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में आयरलैंड के खिलाफ शुरू होगा।
क्रिस्टी गॉर्डन ने साल 2012 में महज 14 साल की उम्र में स्कॉटलैंड के लिए डेब्यू किया था। वह साल 2017 तक राष्ट्रीय टीम के लिए खेलीं। उसके बाद क्रिस्टी ने टी20 वर्ल्ड कप 2018 में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन 2019 के बाद उस टीम के लिए कभी नहीं खेलीं, जिससे पिछले साल दिसंबर में स्कॉटलैंड टीम में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया।
स्कॉटलैंड ने ग्लोबल क्वालीफायर के जरिए आगामी महिला टी20 वर्ल्ड कप में अपनी जगह बनाई है। बांग्लादेश से हारने के बावजूद, स्कॉटलैंड ने 'सुपर सिक्स' में आयरलैंड और यूएसए के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। क्वालीफायर में उनका तीसरा स्थान मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए काफी था।