ऑस्ट्रेलिया की महिला-ए टीम ने बुधवार को भारतीय टीम के खिलाफ पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आई एस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए अनाधिकारिक वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले को 2 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। अंतिम मैच 25 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
बुधवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 338 रन बनाए। तनीषा सिंह ने प्रिया पुनिया के साथ पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। प्रिया 32 गेंदों में 7 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुईं।
यहां से कप्तान यास्तिका भाटिया ने मोर्चा संभाला। उन्होंने तनीषा (37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन और तेजल हसबनीस के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 रन जोड़कर टीम को 242 के स्कोर तक पहुंचा दिया। इसके बाद अनुष्का शर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने तेजल के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन जुटाए, जबकि सायली सतघारे के साथ सातवें विकेट के लिए 39 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।