मेजबान इंग्लैंड ने गुरुवार को सोफिया गार्डन्स में जारी वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल बीमार होने के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर ईशान किशन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।
टॉस जीतकर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच पर घास अच्छी तरह फैली हुई है। हमें थोड़ा और बेहतर खेलना होगा, पिछले मैच में हमने अच्छा प्रयास किया था और मैच को आखिर तक ले गए थे। हमारी टीम में दो बदलाव हैं।"
दूसरी तरफ, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "टॉस जीतकर हम भी पहले गेंदबाजी ही करते। हम अच्छा खेल रहे हैं और बहुत खुश हैं। पिछला मैच बहुत बढ़िया रहा था, उम्मीद है आज भी वैसा ही खेलेंगे। हमने अच्छी शुरुआत की थी और तेज गेंदबाजों को शानदार प्रदर्शन करते देखकर बहुत अच्छा लगा। यहां की यादें बहुत अच्छी हैं। हमारी टीम में एक बदलाव है, केएल राहुल बीमार हैं और उनकी जगह ईशान आए हैं।"