भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 121 रनों से जीत हासिल की। इसी के साथ 'विमेन इन ब्लू' ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
भारत ने रायपुर में खेले गए तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया था, जिसके बाद मेजबान टीम ने वनडे सीरीज के पहले मैच को 9 विकेट से अपने नाम किया था। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 28 अक्टूबर को वडोदरा में आयोजित होगा, जिसमें जिम्बाब्वे सम्मान बचाने के मकसद से उतरेगी।
वडोदरा में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शतकों की बदौलत 328/6 का स्कोर बनाया। मेजबान टीम ने 19 के स्कोर तक कप्तान स्मृति मंधाना (0) और शेफाली वर्मा (8) के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद हरमनप्रीत कौर ने प्रतिका रावल के साथ तीसरे विकेट के लिए 118 गेंदों में 124 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।